लखनऊ। मौसम बिगड़ने से अहमदाबाद व दिल्ली से वाराणसी जा रहीं दो उड़ानें लखनऊ डायवर्ट कर दी गईं। मौसम सामान्य होने पर इन्हें वाराणसी भेजा गया।
अहमदाबाद से वाराणसी जा रहा इंडिगो का विमान 6ई-6805 शुक्रवार रात 8:53 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतारा गया। यह अहमदाबाद से शाम 6:45 बजे उड़ान भरकर रात 8:35 बजे वाराणसी पहुंचता है। वाराणसी में मौसम खराब होने से इसकी लैंडिंग नहीं करवाई जा सकी। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर एटीसी से अनुमति लेने के बाद पायलट ने विमान लखनऊ डायवर्ट कर दिया। विमान में केबिन क्रू सहित 148 यात्री सवार थे।
इसके 15 मिनट बाद दिल्ली से वाराणसी जा रहा इंडिगो का विमान 6ई-2235 भी लखनऊ भेज दिया गया। इसने 9:10 बजे अमौसी एयरपोर्ट पर लैंड किया। विमान ने दिल्ली से शाम 6:55 बजे उड़ान भरी और इसे रात 8:15 बजे वाराणसी में लैंड करना था, लेकिन खराब मौसम के कारण इसकी अनुमति नहीं मिली। विमान में छह केबिन क्रू के साथ 186 यात्री सवार थे।