- जेपी ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में चार दिन तक खेले गए रोमांचक मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। वेव सिटी के स्वामित्व वाली टीम वेव राइडर्स ने ट्रिनिटी गोल्फ चैंपियंस लीग (टीजीसीएल) के सीजन-4 का खिताब अपने नाम कर लिया। ग्रेटर नोएडा स्थित जेपी ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में चार दिनों तक खेले गए रोमांचक और कड़े मुकाबलों के बाद वेव राइडर्स ने चैंपियनशिप पर कब्जा किया।
राइडर कप शैली के टीम फॉर्मेट में आयोजित प्रतियोगिता में वेव राइडर्स ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान निरंतर प्रदर्शन, बेहतरीन तालमेल और टीम भावना का परिचय दिया। चैंपियन टीम में पेशेवर और शौकिया गोल्फरों का शानदार संयोजन रहा। महिला प्रोफेशनल वर्ग में रिद्धिमा दिलावरी और जैस्मीन शेखर, जबकि पुरुष प्रोफेशनल वर्ग में शौर्य भट्टाचार्य और अर्जुन शर्मा ने टीम का प्रतिनिधित्व किया। टूर्नामेंट में रिद्धिमा दिलावरी का होल-इन-वन भी खास आकर्षण रहा। एक ही शॉट में गेंद को होल में पहुंचाकर उन्होंने टीम की खिताबी मुहिम में व्यक्तिगत उपलब्धि भी दर्ज की। टीम की सफलता में कप्तान सिमरजीत और उप-कप्तान आशीष कपूर की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। भारतीय हॉकी के दिग्गज जफर इकबाल सेलिब्रिटी खिलाड़ी के तौर पर टीम का हिस्सा रहे। वेव राइडर्स की जीत पर वेव ग्रुप के प्रबंध निदेशक और टीम के मालिक राजीव गुप्ता ने खिलाड़ियों को बधाई दी।