नोएडा/ग्रेटर नोएडा। जिले में शुक्रवार को बारिश तो नहीं हुई लेकिन पिछले दिनों की बरसात से उपजी समस्याओं ने परेशान जरूर किया। जलभराव की वजह से सड़कों पर जाम की स्थित रही। दादरी के रेलवे रोड, तिलपता, साईं एन्क्लेव रोड, यूपीएसआईडीसी रोड समेत कई मार्गों पर राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़कों पर कई जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। इस वजह से वाहन चालक एहतियातन धीमी गति से चल रहे हैं।
साकीपुर अंडरपास पर सड़क क्षतिग्रस्त
130 मीटर मार्ग पर साकीपुर गांव के पास अंडरपास में पानी भरने से दोनों ओर की सड़क टूट गई है। इस वजह से यहां वाहन फंस रहे हैं। आलम यह है कि हल्के वाहन भी ठीक से नहीं निकल पा रहे हैं। दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं। तिलपता गांव में बने कटेंनर डिपो से जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों को निकालने के लिए दादरी के बाहर से बने रूपवास बाइपास की सड़क भी टूट गई है। दादरी आरओबी के नजदीक रोड में गड्ढा बन गया है। नगर पालिका दादरी के अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता ने बताया कि दादरी के रेलवे रोड पर बने गड्ढ़े में पत्थर लगाकर बनाया गया था। एक-दो दिन में इसे ठीक करा दिया जाएगा।
-
आज हाल्की बारिश के आसार
शुक्रवार को सुबह से धूप रही। कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में जिले में 8 एमएम बारिश दर्ज हुई है। पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार को बारिश की संभावना है। शुक्रवार को नोएडा का एक्यूआई 51 और ग्रेटर नोएडा का 94 दर्ज किया गया।