फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Noida News: बारिश से सड़कों पर जल-जाम

विज्ञापन
विज्ञापन
कुदरत की फुहार, व्यवस्था की मार : जलभराव और जाम से परेशान हुए लोग, बिजली लाइनों पर टहनियां गिरने से आपूर्ति बाधित
विज्ञापन

नोएडा। फिर बारिश हुई और सड़कों पर जलभराव हो गया। कई मार्गों पर लंबा जाम लगा रहा। सेक्टरों में बिजली कटौती हुई और पेड़ों की टहनियां टूटकर वाहनों व बिजली लाइनों पर गिर गईं। लोगों का कहना था कि जिम्मेदारों ने ऐसी व्यवस्था बना रखी है कि कुदरत का दिया सुकून भी आफत बन जाता है।
शनिवार को हल्की फुहारों के साथ बारिश शुरू हुई जो सुबह नौ बजे तक तेज हो गई। इसके बाद दिनभर कभी हल्की तो कभी तेज बारिश होती रही। दोपहर में कुछ देर के लिए आसमान साफ हुआ, लेकिन शाम को फिर फुहारें पड़ने लगीं। आईएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यमुना सिटी और जेवर में भी दिनभर रुक-रुककर बारिश हुई। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी रही। रास्तों पर पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन

02 फीट तक भरा पानी : सेक्टर-62 में सड़कों पर पानी भरने से कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों तक पहुंचना मुश्किल हो गया। विश्वकर्मा मार्ग पर वाहन रेंगते रहे। डीएससी रोड और सेक्टर-12 की सड़कों पर भी जलभराव हुआ। सेक्टर-122 में सड़क पर करीब दो फीट तक पानी जमा हो गया। सेक्टर-71 में भी आवागमन प्रभावित रहा। सेक्टर-137, सेक्टर-95 अंडरपास और महामाया फ्लाईओवर के नीचे समेत कई स्थानों पर जलभराव हुआ। इससे जलनिकासी व्यवस्था पर फिर सवाल उठे।
एफओबी और मेट्रो पिलर ठहरे लोग, लगा जाम
बारिश के दौरान राहगीर एफओबी और मेट्रो पिलर के नीचे बचते नजर आए। इससे कई जगह एक ही लेन से वाहनों की आवाजाही हुई। चिल्ला से फिल्म सिटी की ओर जाने वाले मार्ग पर भी यही स्थिति रही। डीएनडी के नीचे दोपहिया वाहन चालकों को रुकना पड़ा। पर्थला से सिटी सेंटर की ओर जाने वाले मार्ग पर भी जाम की स्थिति बनी रही।
04 घंटे तक बिजली कटौती : कई सेक्टरों में तीन से चार घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। सेक्टर-61, 49, 12, 23, 21, 73 और 100 में सबसे ज्यादा परेशानी रही। इन क्षेत्रों में बिजली लाइनों पर पेड़ों की टहनियां गिरने से लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। बारिश थमने के बाद आपूर्ति बहाल की जा सकी।

बालकनी में चाय की चुस्कियों के साथ उठाया मौसम का लुत्फ
दिनभर बारिश से मौसम सुहाना हो गया। सेक्टर-62, 18, 7एक्स, 137 और अन्य सोसाइटियों में लोगों ने बालकनी में चाय की चुस्कियों और गरमा-गरम पकौड़ों के साथ मौसम का लुत्फ उठाया।

5.8 डिग्री गिरा पारा
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को अधिकतम तापमान 28.5 और न्यूनतम 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.3 और न्यूनतम 26.8 डिग्री सेल्सियस था। इस तरह अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे में 5.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। आर्द्रता 100 प्रतिशत रही।
विज्ञापन


08 सितंबर तक बारिश के आसार
पूर्वानुमान के मुताबिक, आठ सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। हल्की हवाओं के साथ मौसम सुहाना बना रह सकता है। तापमान में भी गिरावट की संभावना है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें