- कीचड़ के बीच से होकर निकलने में वाहनों को करनी पड़ रही है मशक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। जेवर के रामपुर मार्ग पर पिछले कई दिनों से जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी हुई है। सड़क का लगभग 50 मीटर हिस्सा पूरी तरह से पानी में डूबा हुआ है, जिससे पैदल चलने वालों और साइकिल सवारों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें हर दिन गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है।
तहसील कार्यालय से 700 मीटर दूर रामपुर गांव की तरफ जा रही सड़क पर कीचड़ व जलभराव की समस्या है। पिछले कई दिनों से इस मार्ग का यही हाल है। यहां से 300 मीटर आगे कुछ ही दूरी पर स्कूल है। स्कूल के सामने अत्यधिक कीचड़ जमा हुआ है। यहां भी अक्सर जलभराव की समस्या बनी रहती है। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। बच्चों को स्कूल जाने में आ रही बाधा के कारण निवासियों ने समस्या का जल्द समाधान करने की अपील की है।