- सेक्टर-96 स्थित प्राधिकरण के नए कार्यालय के पास ही जलभराव
जय ठाकुर
नोएडा। शहर को हरा भरा बनाए रखने के लिए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस के किनारे विकसित की गई ग्रीन बेल्ट अब लगातार जलभराव की समस्या से जूझ रही है। सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के नए कार्यालय के पास ही ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में लंबे समय से पानी भरा हुआ है। समय के साथ यह जलभराव अब दलदल का रूप लेता जा रहा है, जिससे ग्रीन बेल्ट की जमीन खराब होने के साथ-साथ बड़ी संख्या में पेड़-पौधे भी सूखने लगे हैं।
इसी तरह सेक्टर-105 के पास सटे ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में बिजली के कई पोल जलभराव के बीच खड़े हैं। पोल का निचला हिस्सा पानी में डूबे होने से करंट फैलने का डर बना रहता है। बारिश के दौरान यह खतरा और अधिक बढ़ जाता है। जलभराव की समस्या केवल सेक्टर-96 और 105 तक सीमित नहीं है। सेक्टर-108, सेक्टर-136 सहित अन्य स्थानों की ग्रीन बेल्ट में भी यही हाल है। प्राधिकरण के नए कार्यालय के पास बदहाली शहर की ग्रीन बेल्ट की व्यथा बता रही है।