-बार-बार लीकेज और टूटने से परेशान सेक्टर डेल्टा के लोग, स्थायी समाधान की मांग
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर डेल्टा-1, 2 और 3 में करीब 32 साल पुरानी पानी की पाइपलाइन अब जलापूर्ति व्यवस्था के लिए परेशानी बन गई है। पाइपलाइन जगह-जगह कमजोर होने के कारण हर कुछ दिनों में लीकेज या टूटने की शिकायत सामने आती है। इससे कई इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होती है। निवासियों के मुताबिक, हर 8 से 10 दिन में किसी न किसी स्थान पर पाइपलाइन में खराबी आ जाती है। मरम्मत के दौरान कई बार पानी की आपूर्ति रोकनी पड़ती है। कुछ इलाकों में पानी का दबाव कम होने से घरों तक पर्याप्त पानी भी नहीं पहुंच पाता। बार-बार मरम्मत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है।
समस्या को लेकर आरडब्ल्यूए प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुनील सिंह से मुलाकात की। फेडरेशन के पूर्व महासचिव एडवोकेट दीपक भाटी ने बताया कि प्रतिनिधियों ने पुरानी पाइपलाइन बदलने की मांग रखी। एसीईओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ प्रबंधक चेतराम सिंह को पाइपलाइनों का एस्टीमेट तैयार कराने और जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुरानी लाइनों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने को कहा है। प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि पाइपलाइन बदलने के बाद बार-बार होने वाली लीकेज और जलापूर्ति बाधित होने की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। इस दौरान आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी और डेल्टा-2 के महासचिव आलोक नागर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।