एनडीआरफ तैनात, बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में जाने पर रोक
बाढ़ क्षेत्र में एनडीआरएफ की टीम और पुलिस बल तैनात किया गया। लोगों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में जाने की अनुमति नहीं है। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में जाने, सेल्फी लेने, नहाने और घूमने पर रोक लगा दी है। जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि अभी तक स्थिति पूरी तरह काबू में है और किसी तरह की बाढ़ से अनहोनी नहीं हुई है। बाढ़ में फंसे एक-एक लोगों को बचाने के लिए एनडीआरएफ, पुलिस बल और अन्य दल लगा रखे हैं। बृहस्पतिवार के बाद स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में बीमारियों का प्रकोप, छह मरीज भर्ती
जनपद में बाढ़ का असर दिखने लगा है। हिंडन क्षेत्र के प्रभावित इलाकों की घनी आबादी में अब बीमारियों का प्रकोप फैलने लगा है। उल्टी, दस्त, सांस लेने में तकलीफ और बुखार से पीडि़त छह मरीज बुधवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए। इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दे दी गई है। जिसकेआधार पर मलेरिया विभाग की टीम को अलर्ट किया गया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य विभाग ने दस टीमों को तैनात किया है। 24 घंटे के लिए अलग-अलग शिफ्ट में डॉक्टरों की तैनाती की गई है। इसके अलावा स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जा रहे हैं। इन्हीं शिविरों में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों की गंभीर स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस के माध्यम से मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।