सीमा हैदर और सचिन मीणा मामले में तीन आधार कार्ड और छह पासपोर्ट की गुत्थी 21 दिन बाद भी उलझी है। जनसेवा केंद्र संचालक दो भाइयों की गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस चुप्पी साधे रही। सीमा हैदर और सचिन की गिरफ्तारी पर पुलिस ने तीन आधार कार्ड बरामद किए थे।
सीमा हैदर, सचिन मीणा और उसके पिता नेत्रपाल की गिरफ्तारी के दौरान बरामद किए गए तीन आधार कार्ड और छह पासपोर्ट की गुत्थी अब तक नहीं सुलझ पाई है। जबकि मामले की जांच में जुटी टीम ने बुलंदशहर के अहमदगढ़ से दो जनसेवा केंद्र संचालक भाई प्रमोद व पवन को जेल भेज दिया है।
विज्ञापन
दोनों से क्या-क्या सामान बरामद किया और दोनों को किस अपराध में जेल भेजा गया, इसकी पुलिस ने अब तक अधिकारिक जानकारी नहीं दी है। सात जुलाई को बरामद किए गए तीन आधार कार्ड पुलिस ने कभी पाकिस्तान का बताया तो कभी सचिन के परिवार का बताया था। जबकि सूत्रों ने जानकारी दी थी कि एक सीमा के और दो आधार कार्ड उसके बच्चे के थे।
पुलिस टीम ने जनसेवा केंद्र संचालक दोनों भाई प्रमोद व पवन को रविवार को हिरासत में लेने के बाद सोमवार को ही जेल भेज दिया। इसके बावजूद सोमवार को एक अधिकारी ने जानकारी दी कि अहमदगढ़ में सचिन और सीमा को लेकर कार्रवाई नहीं की गई। जबकि सीमा हैदर को रबूपुरा में जिस मकान में रखा गया था उसके मालिक को सचिन ने उसे अहमदगढ़ की निवासी बताया था।
विज्ञापन
रविवार को अहमदगढ़ में कार्रवाई भी पुलिस ने सचिन को साथ ले जाकर उसकी निशानदेही पर की। छह पासपोर्ट में से दो सीमा के थे। हालांकि एक पर सीमा और दूसरी पर सीमा गुलाम हैदर नाम लिखा था।
पुलिस ने इस संबंध में ठोस जानकारी नहीं दी। लेकिन सीमा का कहना है कि नेपाल में सीमा हैदर के नाम से वीजा नहीं मिलता, इसलिए उसने दूसरा पासपोर्ट बनवा लिया। लेकिन सवाल उठता है कि पासपोर्ट नाम बदलकर तैयार कराना इतनी जल्दी और आसानी से कैसे संभव है।
पाकिस्तान लौटा गुलाम हैदर सरकार से लगाएगा गुहार
सीमा के पूर्व पति गुलाम हैदर का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में कहा कि भाइयों पाकिस्तान लौट रहा हूं, मेरी मदद करना। उम्मीद जताई जा रही है कि गुलाम हैदर पाकिस्तान सरकार से सीमा और अपने चार बच्चों को वापस बुलाने के लिए गुहार लगाएगा। वह भारत सरकार से भी इस तरह की गुहार लगा चुका है।
सीमा को पुलिस के ले जाने पर सवाल
सीमा को सचिन के घर से मंगलवार को पुलिस अपने साथ लेकर गई। इस दौरान चर्चा रही कि उसे पूछताछ के लिए ले जाया गया है। लेकिन बाद में उसे पुलिस ही वापस घर लेकर आई। पुलिस का कहना था कि सीमा की तबीयत खराब है। इसलिए वह दवा लेने गई थी। लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या पुलिस ने सीमा हैदर को सुरक्षा मुहैया कराई है या फिर उसकी घर के अंदर ही निगरानी की जा रही है।
नेपाल के रास्ते पाकिस्तान से भारत आ गई थी सीमा
पाकिस्तान के कराची निवासी सीमा हैदर और रबूपुरा के सचिन मीणा के बीच पबजी गेम खेलने के दौरान जान-पहचान हुई थी। वीडियो कॉलिंग के जरिये नजदीकियां बढ़ने के बाद सीमा 13 मई नेपाल के रास्ते पाकिस्तान से भारत आ गई थी।
चार बच्चों संग रबूपुरा पहुंची सीमा आंबेडकर नगर में किराये पर मकान लेकर सचिन के साथ रहने लगी। मामले की भनक पुलिस को लगते ही सीमा चार बच्चों और सचिन के साथ फरार हो गई। पुलिस टीम ने सभी को हरियाणा के बल्लभगढ़ से पकड़ा था।