दादरी (संवाद)। तहसील दादरी क्षेत्र के रूपवास गांव में दो दिन से हो रही मूसलाधार बरसात के चलते तालाब ओवरफ्लो हो गया है। कई घरों में पानी घुस गया। तालाब में उगीं झाड़ियों के चलते जहरीले कीड़े पनपने का खतरा बना है। गांव का विकास व तालाब की साफ सफाई का जिम्मा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का है। गांव में ग्राम पंचायत का अस्तित्व समाप्त होने के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा विकास कार्य कराए जाते हैं। तालाब की सफाई को लेकर प्राधिकरण व ठेकेदार से कई बार शिकायत की जा चुकी है। इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। तालाब की सफाई को लेकर पूर्व में किसान यूनियन मजदूर संघर्ष मोर्चा के प्रदेश महासचिव राजकुमार ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में शिकायत की जा चुकी है। समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों में प्राधिकरण के प्रति नाराजगी है।