-ग्रेटर नोएडा की दो सोसाइटी के निवासियों ने दुकान के विरोध में कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
-आरोप है कि सोसाइटी के गेट के पास खोली जा रही दुकान, डीएम से मिलने की मांग पर अड़े
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा।
शहर के सेक्टर-27 स्थित गोदरेज विला और जोरबाग विला सोसाइटी के निवासियों ने शराब की दुकान खोलने के विरोध में बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। आरोप है कि दुकान सोसाइटी के गेट के पास खोली जा रही है। जिससे वहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहेगा। महिला व बच्चों को निकलना मुश्किल होगा। निवासियों ने डीएम पर भी समस्या नहीं सुनने का आरोप लगाया है। चेतावनी दी है कि अगर दुकान को बंद नहीं कराया गया तो फिर कलेक्ट्रेट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
बृहस्पतिवार सुबह दोनों सोसाइटी के पुरुष और महिलाएं अधिवक्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां डीएम का इंतजार किया। डीएम के आने के बाद मुलाकात करने की मांग की। आरोप है कि डीएम ने मिलने से इंकार कर दिया। निवासियों का कहना है कि दोनों सोसाइटी के बीच में मार्केट है। मार्केट में शराब की दुकान खोली जा रही है। 9 माह पहले भी दुकान खोलने का प्रयास हुआ था, लेकिन निवासियों के विरोध के बाद विभाग ने भी नियमों के तहत दुकान नहीं खुलने पर सहमति दी थी पर अब फिर से अचानक दुकान खोलने की अनुमति दी। आरोप है कि दुकान खुलने से सोसाइटी के गेट पर असामाजिक तत्वों का जमवाड़ा लगा रहेगा। शाम के समय सोसाइटी के गेटों पर शराब पीने वाले खड़े रहेंगे। महिला और बच्चों को निकलना मुश्किल हो जाएगा। उनके साथ छेड़छाड़ की घटना होने का डर सताने लगा है। माहौल खराब होने से बच्चों को बुरा प्रभाव पड़ेगा। निवासियों ने दुकान को बंद कराने की मांग की है। चेतावनी दी है कि अगर दुकान को खोला गया तो फिर निवासी अनिश्चितकालीन धरना देंगे।
दुकान खोलने की अनमुति नियमों के तहत दी गई है, लेकिन निवासियों ने शिकायत की है तो उसकी जांच कराई जा रही है। संबंधित आबकारी निरीक्षक से रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुबोध कुमार श्रीवास्तव, जिला आबकारी अधिकारी