-पिछली बैठक के फैसले भी लंबित, फोनरवा ने तत्काल बैठक बुलाने की मांग की
नोएडा। सेक्टरों से जुड़े मुद्दों को लेकर फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) ने नोएडा प्राधिकरण पर नाराजगी जताई है। संगठन का कहना है कि छह माह से अधिक समय से प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी से कार्यकारिणी की बैठक कराने का अनुरोध किया जा रहा है, लेकिन अब तक तारीख तय नहीं हुई है।
फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने बताया कि कई बार व्यक्तिगत रूप से बैठक का अनुरोध किया गया। सीईओ के निर्देश पर 13 जुलाई 2026 को विस्तृत एजेंडा और ज्ञापन भी सौंपा गया था। महासचिव केके जैन ने बताया कि 23 जुलाई को सीईओ ने संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को ज्ञापन में उठाए मुद्दों पर कार्रवाई कर आख्या देने के निर्देश दिए थे। यह रिपोर्ट बैठक में प्रस्तुत की जानी थी, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। फोनरवा का आरोप है कि 9 अक्तूबर 2025 की बैठक में लिए गए कई निर्णय भी लंबित हैं। संगठन ने सीईओ से जल्द बैठक बुलाकर लंबित मामलों पर निर्णय लेने और पुराने फैसलों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की मांग की है। ब्यूरो