ग्रेटर नोएडा (संवाद)। शहर में संचालित सिटी ई-बसों का निर्धारित समय पर संचालन नहीं होने से यात्रियों को परेशानी हो रही है। कई रूटों पर यात्रियों को आधे से एक घंटे तक बस का इंतजार करना पड़ता है। नोएडा से एक्सप्रेसवे होते हुए परी चौक से जेवर एयरपोर्ट, नोएडा से गाजियाबाद होते हुए ग्रेटर नोएडा वेस्ट, सूरजपुर से परी चौक, परी चौक से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय होते हुए तिलपता चौक से दादरी और नोएडा सेक्टर-90 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट होते हुए तिलपता चौक से दादरी तक के रूट पर सिटी बसें चलाईं जा रही हैं।
सूरजपुर निवासी दीप्ति शर्मा ने बताया कि सूरजपुर से परी चौक जाने के लिए आधे घंटे तक ई-बस का इंतजार करना पड़ता है। कई बार इंतजार करने के बाद भी बस नहीं मिलती है। तिलपता निवासी बच्चन भाटी ने बताया कि परी चौक से तिलपता होते हुए दादरी रूट पर बसों का संचालन किया जा रहा है, लेकिन एक-एक घंटे इंतजार करने के बाद भी बस नहीं मिलती है।