ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित गौड़ सिटी के एवेन्यू-7 सोसाइटी में रजिस्ट्री न होने पर निवासियों ने रविवार को विरोध दर्ज कराया। आरोप है कि खरीदार तीन साल से रजिस्ट्री का इंतजार कर रहे हैं। निवासियों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर मेंटेनेंस शुल्क बंद करने की चेतावनी दी। सोसाइटी के 12 में से पांच टावरों के करीब 1100 फ्लैट खरीदार परेशान हैं। बिल्डर की ओर से ई-स्टांप शुल्क लेकर घरों पर कब्जा दिया गया लेकिन रजिस्ट्री नहीं हुई। निवासी ज्ञान चंद पांडे ने बताया कि यूपी सरकार और प्राधिकरण से अनुरोध किया गया है कि गौड़ बिल्डर के खिलाफ जल्द कार्रवाई व 7वें एवेन्यू के पांच टॉवर की रजिस्ट्री शीघ्र कराई जाए। निवासियों ने कहा कि जब तक सभी को उनका मालिकाना हक नहीं मिल जाता, तब तक यह प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान सचिन मगोत्रा, लोकेश अग्निहोत्री, सुमित माथुर, ए.के. सिंह,करुण, दीपक, अलोक, रोहित, मनोज व अन्य निवासी मौजूद रहे। ब्यूरो