तावडू। विधानसभा चुनाव के लिए लगभग एक पखवाडे़ से ज्यादा समय से विभिन्न प्रत्याशियों की ओर से किया जा रहा चुनाव प्रचार शनिवार शाम 5 बजते ही थम गया। प्रचार अभियान थमने के बाद प्रत्याशी व उनके समर्थक अब मतदान कराने की तैयारी में जुट गए हैं। वहीं प्रशासन की ओर से मतदान कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रचार के अंतिम दिन जिले की तीनों विधानसभाओं सहित गुरुग्राम जिले में लगने वाली तावडू-सोहना विधानसभा में प्रत्याशियों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी, यही कारण था कि सभी विधानसभाओं में सुबह से चुनावी माहौल नजर आया, कहीं प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो में भीड़ उमड़ी तो कई स्थानों पर प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ बाजारों, गांवों व वार्डों में जनसंपर्क किया। प्रचार के अंतिम दिन हालात ये थे कि कहीं मोटरसाइकिल पर राजनीतिक दलों के झंडे लगाकर समर्थक वाहन रैली निकालते दिखाई दिए। वहीं कई प्रत्याशियों के समर्थन में राजनीतिक दलों के नेताओं की सभा का प्रचार को परवान चढ़ाने का प्रयास किया गया।
मतदान दल आज होंगे रवाना: विधानसभा चुनाव कराने के लिए मतदान दल रविवार सुबह पोलिंग बूथों पर रवाना होंगे। मतदान दलों को ईवीएम, वीवीपैट एवं अन्य चुनाव सामग्री देकर रवाना किया जाएगा। प्रशासन की ओर से मतदान दलों की रवानगी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं