20 हरैया ब्लाक में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते एडीएम प्रशासन और अन्य। संवाद
लाटघाट। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर शनिवार को हरैया ब्लाॅक प्रमुख पद के लिए होने वाले विश्वास मत की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने इसे शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की है। सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, वाई-फाई नेटवर्क और भारी पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, फ्लोर टेस्ट की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इसकी निगरानी सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत की जाएगी। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है और इसे लाइव निगरानी के लिए 13 सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन कैमरे लगाए गए हैं।
एडीएम प्रशासन राहुल विश्वकर्मा ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत 400 से अधिक पुलिसकर्मी और दो प्लाटून पीएसी फ्लोर टेस्ट स्थल और आसपास के क्षेत्रों में तैनात रहेंगे। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने खुद फ्लोर टेस्ट स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर ब्लॉक परिसर के चारों ओर चट्टी-चौराहों पर भी पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई है।
लाठी पार्टी रहेगी मुस्तैद
ब्लॉक परिसर की सुरक्षा के लिए एक लाठी पार्टी की व्यवस्था की गई है, जिसमें 2 दरोगा और 15 सिपाही शामिल रहेंगे। किसी भी अराजक तत्व या विवाद की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ब्लॉक कार्यालय और उसके आसपास बैरिकेडिंग की गई है, ताकि अनधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही पर रोक लगाई जा सके और अराजक तत्वों की निगरानी की जा सके।
एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार भी रहेंगे तैनात
फ्लोर टेस्ट की प्रक्रिया को शांतिपूर्ण कराने के लिए एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे। इस फ्लोर टेस्ट में हरैया विकासखंड में कुल 100 क्षेत्र पंचायत सदस्य हिस्सा लेंगे।