यूपी प्रो वॉलीबॉल लीग के लिए ग्रेनो वेस्ट में हुई खिलाड़ियों की नीलामी
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश प्रो वॉलीबॉल लीग में गौतमबुद्ध नगर के हर्ष नागर भी खेलते नजर आएंगे, क्योंकि उन्हें नोएडा थंडर्स टीम में शामिल किया गया। टीम में चयनित होने पर परिवार में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने उन्हें सम्मानित भी किया। बृहस्पतिवार को लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी हुई।
नोएडा स्टेडियम में पांच अगस्त से लीग के मैच होंगे। इसमें ग्रेटर नोएडा के अच्छेजा गांव निवासी हर्ष नागर नोएडा थंडर्स टीम में लिबरो पोजीशन की भूमिका में खेलेंगे। टीम ने उन्हें एक लाख रुपये में खरीदा है। चयनित होने पर बृहस्पतिवार को दादरी स्थित सादोपुर झाल पर खिलाड़ी को सम्मानित किया। कोच संतोष बैसोया ने बताया कि बृहस्पतिवार को ग्रेनो वेस्ट में खिलाड़ियों की नीलामी हुई। उन्होंने बताया कि हर्ष बहरीन में हुई अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में जूनियर कैटेगरी में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। ग्रामीण चंद्रमणि शर्मा, देवेंद्र शर्मा, संदीप शर्मा, जीतू, अमर नागर, मोईन, राजा शर्मा, दुष्यंत शर्मा ने खिलाड़ी को बधाई दी।
ट्रॉफी लॉन्च: ग्रेनो वेस्ट में आयोजकों ने बृहस्पतिवार को ट्रॉफी का अनावरण किया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, यूपी राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा बबीता चौहान, महिला आयोग की सदस्य रितु शाही ने ट्रॉफी और खिलाड़ियों की जर्सी लॉन्च की।
उत्तर प्रदेश प्रो वॉलीबॉल लीग के फाउंडर कुलवंत बालियान ने बताया कि देश में पहली बार इस लीग का आयोजन हो रहा है। लीग में आठ टीमें लखनऊ टाइगर्स, गोरखपुर जॉइंट्स, नोएडा थंडर्स, मथुरा योद्धाज, अयोध्या सुपरकिंग्स, मुरादाबाद बुल्स, काशी वॉरियर्स और मुजफ्फरनगर लायंस भाग लेंगी। विजेता टीम को 21 लाख रुपये और उप-विजेता टीम को 11 लाख रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा।