भावानगर में ग्रीन दिवाली, क्लीन दिवाली थीम को लेकर जागरूकता रैली निकालते स्कूली बच्चे। स्रोत :
भावानगर स्कूल में विद्यार्थियों ने प्रदूषण रहित दिवाली मनाने का दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
भावानगर (किन्नौर)। प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड क्षेत्रीय कार्यालय रामपुर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला प्रोजेक्ट भावानगर में ग्रीन दिवाली-क्लीन दिवाली थीम पर जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यावरण रैली, चित्रकला प्रतियोगिता, नारा लेखन प्रतियोगिता और वाद-विवाद प्रतियोगिता करवाई गई। विद्यार्थियों ने प्रदूषण रहित दिवाली मनाने का संदेश दिया। लोकेश कुमार और सुनैना ने छात्रों को जागरूक किया। चित्रकला में समीक्षा ने पहला, कृतिका ने दूसरा और आशीष ने तीसरा स्थान हासिल किया। नारा लेखन में विष्टी ने पहला, अंकिता ने दूसरा और खुशी ने तीसरा स्थान झटका। वाद-विवाद प्रतियोगिता में अनुष्का ने पहला, अवंतिका ने दूसरा और कोमल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए गए, जिससे उनमें पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहन मिला।