डेंगू के 29 सैंपल में नहीं मिला वायरस, केजीएमयू की रिपोर्ट में खुलासा
- निजी अस्पताल के डेंगू के मरीजों के सैंपल सीरो टाइप टेस्टिंग के लिए भेजे गए थे लखनऊ
- लैब प्रबंधकों को जारी होगा नोटिस, निजी अस्पतालों और लैब ने डेंगू की पुष्टि कर किया था इलाज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीरो टाइप टेस्टिंग के लिए लखनऊ भेजे गए 49 डेंगू के सैंपलों में से 29 में वायरस नहीं मिला है। जबकि निजी अस्पताल और लैब ने एलाइजा जांच से डेंगू की पुष्टि कर इलाज कर दिया था। फर्जीवाड़े के सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पताल और लैब प्रबंधकों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग रैपिड किट से रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर डेंगू संदिग्ध मान रहा है। एलाइजा से जांच के बाद ही डेंगू की पुष्टि कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पताल और लैब की ओर से एलाइजा जांच के बाद पुष्टि किए गए मरीजों में स्ट्रेन का पता लगाने के लिए 49 सैंपल लखनऊ केजीएमयू भेजे थे। यहां पर सीरो टाइप टेस्टिंग में 17 सैंपल में डेन-2 स्ट्रेन मिला है। अन्य सैंपलों में कोई वायरस ही नहीं मिला है। मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा ने बताया कि 29 सैंपलों में कोई वायरस नहीं मिला है।
छह और मरीजों में डेंगू की पुष्टि, संस्थानों की होगी जांच
जिले में बुधवार को छह और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। इन्हें मिलाकर जिले में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा 359 पहुंच गया है। इससे पहले मंगलवार को 30 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई थी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू मरीज मिलने पर घरों पर लार्वा की जांच की जा रही है। जांच में 95 प्रतिशत मरीजों के घरों में लार्वा नहीं मिला। शहर में ज्यादातर लोग कामकाजी हैं। इसलिए आशंका जताई जा रही है कि लोगों को दफ्तरों में डेंगू का मच्छर काट रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग संस्थानों में जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
स्कूलों ने की एंटी लार्वा दवा के छिड़काव की मांग
शहर के स्कूलों ने स्वास्थ्य विभाग से स्कूल परिसर में एंटी लार्वा दवा के छिड़काव कराने की मांग की है। बुधवार को आर्मी पब्लिक स्कूल ने पत्र लिखकर जिला मलेरिया विभाग से छिड़काव कराने की अपील की है। वहीं, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से भी स्वास्थ्य विभाग से एंटी लार्वा दवा मांगी गई है।
अब दोपहर दो बजे तक होगी जांच
जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या दोगुनी हो गई है। इस समय 44 के करीब डेंगू के मरीज भर्ती हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जरूरत पड़ने पर बेड की संख्या बढ़ा दी जाएगी। इसलिए जांच का समय भी दोपहर 2 बजे तक कर दिया गया है, जबकि पहले 11 बजे तक ही मरीजों के सैंपल लिए जाते थे।