दादरी। कठहेरा रोड, मेवातियान, मोहल्ला, फैज-ए-आम मदरसा समेत आसपास के जगहों पर करीब दो हफ्ते से बिजली सप्लाई नहीं हो रही है। इसको लेकर नाराज महिलाओं-पुरुषों ने रविवार को चिटहेरा बिजलीघर का घेराव किया। लोगों ने करीब दो घंटे तक जमकर हंगामा किया। एसडीओ ने नया ट्रांसफार्मर लगवाकर जल्द आपूर्ति सुचारू कराने का आश्वासन दिया। जिसके बाद लोग वापस लौटे।
एक ओर जहां भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर नगर के कटहेरा रोड, मेवातियान मोहल्ला, फैज-ए-आम मदरसा समेत आसपास के क्षेत्रों में बिजली विभाग द्वारा करीब दो हफ्ते से सप्लाई नहीं करने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिससे नाराज लोग रविवार को मोहल्ले में एकत्रित हुए और जीटीरोड स्थित चिटहेरा बिजलीघर पर पहुंच गए। वहां विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बिजलीघर पर तैनात कर्मचारी भी लोगों की भीड़ को देखकर इधर-उधर हो गए। करीब दो घंटे तक होते रहे हंगामे की सूचना पाकर उपखंड अधिकारी (एसडीओ) आलोक कुमार पहुंच गए। उन्होंने लोगों का शांत करने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने। उनका कहना था कि जब तक बिजली सप्लाई शुरू नहीं होगी, तब तक बिजलीघर पर ही रहेंगे। एसडीओ ने सोमवार को सुबह दस बजे तक दोनों जले ट्रांसफार्मर हटवाने और बढ़े लोड का ट्रांसफार्मर रखवाने का आश्वासन दिया। एसडीओ ने बताया कि क्षेत्र में 400-400 केवीए क्षमता के दो ट्रांसफार्मर लगे हैं, जो अधिक लोड के चलते जल गए। सोमवार को 600 केवीए का एक ट्रांसफार्मर लगवाकर सप्लाई चालू कर दी जाएगी।