हरौला के बरात घर में नहीं खुलने देंगे थाना
नोएडा। हरौला गांव के बरात घर में फेज-वन थाना शुरू करने के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों ने एक पंचायत की। इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि किसी भी कीमत पर बरात घर मेें थाना नहीं बनने दिया जाएगा। आला अधिकारियों को ज्ञापन देंगे फिर भी सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। पूर्व प्रधान वेदप्रकाश अवाना ने कहा कि गांव की आबादी 60 हजार से अधिक है। हर दिन किसी न किसी के घर में कार्यक्रमों का आयोजन होता है। बरात घर में थाना खुल गया तो लोग शादी समारोह और अन्य आयोजन कहां करेंगे। ग्रामीणों ने एकजुट होकर कहा कि प्राधिकरण, प्रशासन और अपर पुलिस आयुक्त लॉ एंड आर्डर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। हरौला निवासी और दिल्ली यूनिवर्सिटी के पूर्व अध्यक्ष सतेंद्र अवाना ने कहा कि पिछले दिनों पुलिस की टीम थाना बनाने के लिए निरीक्षण करने आई थी। इससे पहले हरौला के किसी भी व्यक्ति से संपर्क नहीं किया गया। उनका कहना था कि बरात घर की एक इंच भी जमीन थाने के लिए नहीं दी जाएगी। बरात घर की सुविधा गांव वालों के लिए हैं। इस मौके पर अमीचंद अवाना, सतेंद्र शर्मा, सतेंद्र अवाना, सुंदर अवाना, ज्ञानी ठाकुर, बबली अवाना, मनोज अवाना समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
बता दें कि कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाने के लिए 8 नए थानों का प्रस्ताव दिया था। फेज-वन थाने के लिए अस्थायी भवन के तौर पर हरौला के बरात घर का प्रस्ताव आला अधिकारियों को दिया गया है। जिसका विरोध हो रहा है।