फोटो-
रबूपुरा (संवाद)। गांव आकलपुर में चौराहे से म्याना-रबूपुरा मार्ग पर हो रहे जलभराव को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। बारिश के बाद सड़क पर भारी जलभराव हो गया, जिससे स्कूली बच्चों, पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि म्याना गांव की पोखर का पानी आकलपुर चौराहे की तरफ आने से यह समस्या उत्पन्न होती है। आरोप लगाया कि यमुना प्राधिकरण को बार-बार सूचित करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने नाली बनाने और पानी का रुख मोड़ने की मांग की है। यमुना प्राधिकरण के जेई टीएन वर्मा ने जल्द मुआयना कर समस्या निस्तारण का आश्वासन दिया है। प्रदर्शन में रितेंद्र भाटी, गुड्डू सिंह, प्रमोद कुमार, योगेश शर्मा, ओम प्रकाश, पवन शर्मा और महेश भाटी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।