नई दिल्ली। राजधानी के विभिन्न गांवों के प्रतिनिधियों ने बुधवार को मेयर राजा इकबाल सिंह से मुलाकात की और ग्रामीण इलाकों को हाउस टैक्स में छूट देने के लिए ज्ञापन सौंपा। पालम 360 खाप के प्रमुख चौ. सुरेंद्र सोलंकी की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने सिविक सेंटर पहुंचकर मेयर से आग्रह किया कि लाल डोरा और विस्तारित लाल डोरा क्षेत्र स्थित संपत्तियों को टैक्स से छूट दी जाए।
सोलंकी ने कहा कि यह ग्रामीण आबादी की प्रमुख मांगों में शामिल है, जिसका वादा हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में भी किया गया था। पूर्व मेयर शैली ओबेरॉय ने 2023 में इस छूट की घोषणा की थी लेकिन आज तक अधिसूचना जारी नहीं की गई। ग्रामीण नेताओं ने आरोप लगाया कि आप सरकार ने गांवों की अनदेखी की और केवल वादों तक सीमित रही। ग्रामीण इलाकों में सड़कों की खराब हालत, जल निकासी की समस्याएं और नागरिक सुविधाओं की कमी ने लोगों को मुश्किल में डाल रखा है। ऐसे में हाउस टैक्स से राहत देना जरूरी है। ब्यूरो