पुन्हाना। हथनगांव के लोगों ने डिपो संचालक पर पर्याप्त राशन नहीं देने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने इस संबंध में कार्रवाई के लिए सीएम विंडोे पर शिकायत की है। गांव के मुस्ताक, तकी मोहम्मद, चावसिंह, फूलसिंह, बिजेंद्र, रहीश और सुखबीर ने बताया कि उनकी आर्थिक हालत ठीक नहीं है। सरकार द्वारा दिए जाने वाले राशन से ही उनका गुजारा चलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि डिपो संचालक ने पिछले वर्ष भी कई माह का राशन ग्रामीणों को नहीं दिया। आरोप है कि संचालक ग्रामीणों से अंगूठा लगवा लेता है बाद में कम राशन देता है। विरोध करने पर अपशब्द भी कहता है।
गांव के पूर्व सरपंच हमीद खां, फतेह मोहम्मद नंबरदार, तौफीक मेंबर, सोयाराम, जियाउलहक और जुबेर सहित कई प्रमुख लोगों का कहना है कि पहले भी डिपो संचालक पर जुर्माना लगाया गया था। विभागीय कार्रवाई भी की गई थी। वहीं डिपो संचालक वहीद खान ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। उसका कहना है कि वह वह समय पर लोगों को पूरा राशन देता है लेकिन कुछ लोग राजनीति के कारण झूठा आरोप लगा रहे हैं।
शिकायत मेरे संज्ञान में है। जांच खाद्य आपूर्ति विभाग फिरोजपुर झिरका के इंस्पेक्टर अशोक कुमार रोहिला को सौंपी गई है। रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। - वसीम अकरम, इंस्पेक्टर, खाद्य आपूर्ति विभाग