खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स: 21 मई से आने लगेंगे खिलाड़ी
-आज यूपी के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव लेंगे तैयारियों का जायजा, करेंगे बैठक
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का ग्रेटर नोएडा आने का सिलसिला 21 मई से शुरू हो जाएगा। 22 मई तक सभी खिलाड़ी पहुंचे जाएंगे। उनके ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। उधर दोनों स्टेडियम में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं शुक्रवार को प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव तैयारियों को परखने के लिए आएंगे। जिला स्तर के अफसरों के साथ बैठक करेंगे।
गौतमबुद्ध नगर को खेलो इंडिया में छह प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिली है। इनमें कबड्डी, स्वीमिंग, वेटलिफ्टिंग, बॉक्सिंग, बास्केटबॉल और शूटिंग शामिल है। कबड्डी, स्वीमिंग व बॉक्सिंग प्रतियोगिता शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होंगी, जबकि बास्केटबॉल व वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में होंगी। वहीं शूटिंग प्रतियोगिता दिल्ली में होगी। ग्रेटर नोएडा के दोनों आयोजन स्थलों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जीबीयू में खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था होगी। करीब 1200 खिलाड़ियों के साथ सहयोगी व अन्य स्टाफ शामिल होगा। 23 मई को कबड्डी प्रतियोगिता के साथ जिले में इन खेलों का शुभारंभ होगा। जो दो जून तक चलेंगे। बैठक में खेल मंत्री के साथ खेलकूद विभाग के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल भी मौजूद रहेंगे।