नाबालिग छात्र की हत्या के बाद ग्रामीणों ने लगाया जाम, 4 घंटे चला हंगामा
चारों तरफ फैला था खून, निजी अंगों को भी काटा गया, खाली मकान में मिला था शव
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। जेवर के बनवारी बांस गांव से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुए छात्र का शव बगल के गांव में एक खाली मकान में पड़ा मिला। नृशंस तरीके से उसकी हत्या की गई थी और उसके निजी अंगों को भी काट दिया गया था। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम के बाद जब छात्र का शव जेवर पहुंचा तो ग्रामीणों ने जाम लगा दिया और हत्यारों को फांसी देने की मांग करने लगे। ग्रामीणों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई और लगभग 4 घंटे तक हंगामा चलता रहा। बनवारी बांस निवासी रवि भूषण उर्फ बंटी का 15 वर्षीय बेटा गोपाल 21 मई को घर के बाहर से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया था। देर रात तक जब वह नहीं लौटा तो परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी और टीमें छात्र की तलाश में जुट गई थीं। शुक्रवार की देर रात 11 बजे परिवार को सूचना मिली की बगल के गांव रोही के खाली मकान में किशोर का शव पड़ा है। जिसके बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। यहां पर गोपाल का शव पड़ा हुआ था और चारों तरफ खून फैला हुआ था। उसके निजी अंगों के साथ भी छेड़छाड़ की गई थी और उसे काट दिया गया था। फील्ड यूनिट और फाॅरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए थे और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया था। शनिवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंपा था। छात्र का शव सड़ने लगा था और पूरा मकान दुर्गंध से भर गया था। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें थीं और काफी खून निकल गया था। उसकी आंखें और जीभ बाहर आ गई थी।
हत्यारों को फांसी देने की मांग
छात्र की हत्या की सूचना जब गांव के लोगों को मिली तो सभी का गुस्सा फूट पड़ा। गांव के लोग जेवर के साबौता कट के पास जमा हो गए और जाम लगाने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद लोग शव लेकर धरने पर बैठ गए। हाथों में पोस्टर बैनर लेकर लोग छात्र के हत्यारों को फांसी देने की मांग करने लगे। पिता रवि भूषण और परिवार के लोगों ने छात्र के कुछ दोस्तों पर हत्या के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों के गुस्से को देखते हुए जेवर के साथ रबूपुरा, दनकौर समेत अन्य कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। जेवर एसीपी सार्थर सेंगर के साथ एडीसीपी ने भी मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और लोगों से बात की। पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि छात्र की मौत की गुत्थी को जल्द सुलझाया जाएगा। इसमें जो भी दोषी मिलेंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिसके बाद परिवार के लोग शांत हुए और देर शाम को अंतिम संस्कार किया गया।
मामले की जांच के लिए बनीं तीन टीमें
छात्र की मौत के बाद जेवर एसीपी सार्थक सेंगर की निगरानी में तीन टीमें बनाई गई हैं। थाना पुलिस और फील्ड यूनिट के साथ सर्विलांस व स्वॉट टीमों को भी मामले की जांच में लगाया गया है। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्र के गायब होने पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी, जिसकी धाराओं में परिवर्तन करते हुए हत्या की धाराएं जोड़ी गई हैं। परिजनों ने छात्र के ही दोस्तों पर हत्या के आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस ने संदेह के आधार पर कई लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। छात्र के साथ हर दिन रहने वाले उसके दोस्तों से भी पूछताछ हो रही है। पुलिस घटना के दिन की उसकी लोकेशन भी ट्रेस कर रही है।
वर्जन
परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के खुलासे के लिए टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही पुलिस मामले का खुलासा करेगी। जांच में जो भी दोषी मिलेंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। -संतोष कुमार, एडीसीपी, ग्रेटर नोएडा