नोएडा (संवाद)। सेक्टर-24 स्थित भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के आंचलिक कार्यालय उत्तर क्षेत्र में 27 अक्तूबर से 2 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एफसीआई नोएडा कार्यालय में महाप्रबंधक (विजिलेंस) राजेश सिंह की ओर से सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा दिलाकर की गई। इस अवसर पर कर्मचारियों में नैतिकता, पारदर्शिता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए पोस्टर मेकिंग, स्लोगन लेखन और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी था। इस दौरान कार्यकारी निदेशक (उत्तर क्षेत्र) डॉ. अजीत के. सिन्हा ने कहा कि ईमानदारी और जवाबदेही केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामूहिक दायित्व हैं। 31 अक्तूबर को वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में एफसीआई के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।