गार्डों से गाली-गलौज करने का महिला का वीडियो वायरल
सोसाइटी में मिनी ट्रक की एंट्री को लेकर हुआ विवाद, एफआईआर दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-46 स्थित गार्डन ग्लोरी सोसाइटी के गेट पर मिनी ट्रक की एंट्री को लेकर हुए विवाद के बाद महिला ने सुरक्षाकर्मियों से गाली-गलौज और अभद्रता की। मंगलवार सुबह इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। सिक्योरिटी गार्ड की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-39 महिला के खिलाफ केस दर्ज कर जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि वीडियो में गाली-गलौज करती दिख रही महिला की पहचान श्रेया केसरी के रूप में हुई है। उसने गार्ड पवन कुमार और सोमनाथ सहित अन्य लोगों के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई करने की कोशिश की। जांच में पता चला कि सोसाइटी की एक महिला सामान लेकर आई थी। तलाशी के बाद गार्ड ने मिनी ट्रक को अंदर ले जाने के लिए कहा तो श्रेया भड़क उठी और गार्ड से बहस करने लगी। कुछ देर बाद ही वह गार्ड को गालियां देने लगी।आरोप है कि श्रेया ने गार्डों से बदतमीजी की और जान से मारने की धमकी दी। नोएडा जोन के एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी का कहना है कि आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जांच कर रही है।