दनकौर (संवाद)। खेरली नहर (गंग नहर) में अवैध खनन जारी है। बालू खनन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चिंडावली गांव के पास नहर में जेसीबी से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से लगातार बालू निकाला जा रहा है। पानी आने के दौरान यह गहराई जानलेवा साबित हो सकती है। ग्रामीणों के मुताबिक, नहर के अंदर रात के वक्त मशीनें चल रही हैं। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन और पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है। संज्ञान में आने पर कार्रवाई की जाएगी।