पुलिस के मुताबिक सोरखा गांव में रहने वाले कृपाल सिंह और सुरेंद्र सिंह सगे भाई हैं। गांव में जमीन को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद चल रहा है। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच बृहस्पतिवार को कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया। इसके बाद सुरेंद्र सिंह के तीन बेटों ने मिलकर कृपाल सिंह की पिटाई कर दी। उनको काफी चोट आई है।
अस्पताल में घायल का इलाज चल रहा है। इस विवाद के बाद दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक वीडियो में तीन युवक और एक महिला दिखाई दे रही है। दो युवकों के हाथ में डंडे और एक युवक के हाथ में तमंचा है। साथ ही वह हवाई फायरिंग भी करता हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं बाकी दो युवक डंडे लेकर आगे बढ़ते हैं और लोगों को धमकी देते हैं। एक युवक पत्थर फेंकते हुए दिखाई दे रहा है।
फायरिंग करने का आरोप सुरेंद्र सिंह के पक्ष पर है। इनमें इनके बेटे शामिल हैं। एसीपी ट्विंकल जैन का कहना है कि इस मामले में हवाई फायरिंग की घटना हुई है और पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ है। एसीपी का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगाई गई है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।