आतंकी संगठन लश्कर-ए-खालसा के नाम पर वीडियो कॉल कर दी गई धमकी
- एक न्यूज चैनल के संपादक को मिली धमकी, कोतवाली फेज टू पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। आतंकी संगठन लश्कर-ए-खालसा के नाम पर एक न्यूज चैनल के संपादक को जान से मारने की धमकी दी गई है। आरोपियों ने वीडियो कॉल और व्हाट्स एप पर धमकी दी है। मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर से की गई है। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर कोतवाली फेज टू पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली फेज टू क्षेत्र स्थित सेक्टर निवासी अभिजीत मजूमदार एक न्यूज चैनल में कंसल्टिंग एडिटर हैं। इसी छह जनवरी को उन्हें वीडियो कॉल कर लश्कर-ए-खालसा के नाम से धमकी दी गई। इसके बाद उनके पास एक के बाद कई व्हाट्स एप संदेश आए। इसमें धमकी देने वाले ने अपना नाम संदीप सिंह खालिस्तानी बताते हुए खुद को लश्कर-ए-खालसा का प्रवक्ता बताया। अभिजीत ने पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह से मुलाकात कर इसकी जानकारी दी। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर कोतवाली फेज टू पुलिस ने संदीप सिंह खालिस्तानी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जिस नंबर से धमकी मिली है। उसके बारे में पुलिस पता कर रही है।
आईएसआई ने किया था लश्कर-ए-खालसा का गठन
लश्कर-ए-खालसा एक आतंकी संगठन है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने इसका गठन किया था। यह संगठन सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय है। इंटेलिजेंस ने भी इसे पाकिस्तान समर्थित नया आंतकी गुट बताया है। लश्कर-ए-खालसा आतंकी समूह भारत में अशांति पैदा करने के उद्देश्य से लोगों को सोशल मीडिया के जरिये अपनी टीम में शामिल करने की साजिश में जुटा है।