चोरी हुईं कारें बरामद होने बाद भी पीड़ित परेशान
नोएडा (मनोज कुमार)। पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के आठ बदमाशों को गिरफ्तार कर 10 लग्जरी कारें तो बरामद कर ली हैं, लेकिन इन सभी के इंजन व चेचिस नंबर बदले जा चुके हैं। ऐसे में वाहन मालिकों की परेशानी बढ़ गई है कि परिवहन विभाग में इन कारों से संबंधित कोई काम नहीं हो पाएगा। इसके लिए असली इंजन व चेसिस नंबर होना जरूरी है।
दरअसल, सभी कारों के इंजन व चेसिस नंबर चोरों ने बदल दिए हैं। इससे कारों की असली पहचान ही बदल गई है। यदि किसी दूसरे व्यक्ति को वाहन बेचा जाता है तो असली नंबर होने जरूरी हैं। बिना इसके कार को न तो कोई खरीद पाएगा और न ही चला पाएगा। यदि वाहन स्वामी कार को किसी दूसरे राज्य में ले जाएंगे तो वहां पर भी फंसने का डर है। इस संबंध में एआरटीओ प्रशासन एके पांडेय ने बताया कि किसी भी वाहन की पहचान उसके इंजन व चेसिस नंबर से होती है, लेकिन चोरों ने इन वाहनों की यह पहचान ही बदल दी है। ऐसे में सबसे पहले वाहनों की पहचान वापस लाना जरूरी है। वाहन स्वामियों को संबंधित कंपनियों के पास चोरी की जानकारी देकर उसे पुराने स्वरूप में लाना होगा। कंपनी नए चेसिस व इंजन लगाएगी। फिर इनके दस्तावेज नए वाहनों की तरह बनाकर परिवहन विभाग की वेबसाइट पर अपडेट करने होंगे। इसके बाद ही इन्हें सड़क पर चलने की अनुमति मिलेगी।
बरामद कारों की चेसिस व इंजन नंबर बदल दिए गए हैं। उनके स्थान पर दूसरे नंबर बना दिए गए हैं। इस तरह का यह पहला मामला है और डीलरशिप पर इसका कोई इलाज नहीं है। इस मामले को लेकर कंपनी में ही जाना होगा। उसके बाद ही कोई निराकरण किया जाएगा। - संजय सरकार, जीएम, रोहन सर्विस
जिन लोगों के वाहन चोरी हो गए थे और अब वह बरामद हो गए हैं। पुलिस हर तरह से पीड़ितों के साथ है और एफआर में भी इसका जिक्र किया जाएगा, ताकि वाहन स्वामियों की परेशानी को दूर किया जा सकेगा। - रजनीश वर्मा, एसीपी द्वितीय, नोएडा जोन