बीटा-2 थाना पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में 50 से अधिक चेन, मोबाइल आदि लूट की वारदातों को अंजाम दे चुके आरोपी राजेश उर्फ विक्की मोटा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले माह जमानत पर जेल से बाहर आया था और फिर से चेन लूट की वारदात में लिप्त हो गया। आरोपी ने हाल में ही गामा-1 सेक्टर में चेन लूट की वारदात की और सीसीटीवी में कैद हो गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी साद मियां खान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दिल्ली के हैदरपुर निवासी है। आरोपी को बीटा-2 थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा और जगत फार्म चौकी प्रभारी राहुल प्रताप सिंह की टीम ने गिरफ्तार किया है।
आरोपी ने दिल्ली के जहांगीरपुरी, मौर्या एंक्लेव, शालीमार बाग व ग्रेटर नोएडा में चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी अधिकतर महिलाओं से चेन लूटता है। आरोपी दिल्ली से ग्रेटर नोएडा चेन लूटने के लिए आता था और वारदात कर फरार हो जाता था।
लूटी गई चेन को आरोपी दिल्ली के आभूषण व्यापारी को बेचता था। आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस आभूषण व्यापारी को तलाश रही है। आरोपी अपने एक अन्य साथी के साथ वारदात करता था। फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है।