नूंह। शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से सहयोग देने पर फिरोजपुर नमक स्कूल के अध्यापक वेदप्रकाश गौड़ को चंडीगढ़ के सेक्टर 26 में एक कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम प्रदेश स्तर पर अरविंदो सोसाइटी द्वारा आयोजित किया गया था। इसमें जिले के साथ प्रदेश के अन्य जिलों के अध्यापकों ने भी भाग लिया। समारोह में राज्य के शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने बतौर मुख्य अतिथि व निदेशक डॉक्टर सिम्मी ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर भाग लिया। इससे पूर्व अध्यापकों की क्षमता को आंकने के लिए जिला स्तर पर अरविंदो सोसाइटी द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
जिले में अध्यापक वेदप्रकाश गौड़ ने पहला स्थान प्राप्त किया था इस कारण मंगलवार को उन्हें चंडीगढ़ में सम्मानित किया गया। प्रदेश शिक्षा विभाग निरंतर प्रयास करता रहा हैं कि अध्यापक अपने शिक्षण कार्यों को इस प्रकार से व्यवस्थित व संचालित करेें कि शून्य निवेश के साथ शिक्षा प्रक्रिया में सकारात्मक नवाचार आए। इसी शून्य निवेश नवाचार की प्रक्रिया को राज्य के सरकारी विद्यालयों में अरविंदो सोसाइटी के सहयोग से राज्यस्तरीय जीरो इन्वेस्टमेंट फॉर एजुकेशन इनिशिएटिव कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।