ग्रेटर नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्ध नगर की बैडमिंटन खिलाड़ी वान्या चौधरी ने मुंबई में आयोजित ऑल इंडिया सब-जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन रैंकिंग प्रतियोगिता में रजत हासिल किया है। फाइनल में वान्या का सामना तेलंगाना की आन्या पोडिटर्स से हुआ। प्रतियोगिता में कई राज्यों से 200 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। मुंबई के वेस्ट मलाड स्थित गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित प्रतियोगिता में जिले की वान्या ने अंडर-13 आयु वर्ग में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए सिंगल्स कैटेगरी में रजत जीता है। गामा-2 निवासी वान्या सादुल्लापुर गांव की मूल निवासी है। वह नोएडा के सेक्टर 73 में कोच अजय कनवर, मंजू साहा, जयदीप कोहली की देखरेख में बैडमिंटन की बारीकियां सीखती है। पिता योगेश नागर ने बताया कि बेटी की मेहनत और लगन के कारण वह राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक जीतने में कामयाब हुई है। उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के महासचिव आनंद खरे न खिलाड़ी को रजत पदक जीतने पर बधाई दी। महासचिव ने बताया कि वान्या अब कोलकाता में आयोजित होने वाली ऑल इंडिया रैंकिंग बैडमिंटन चैंपियनशिप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।