वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर विधानसभा में स्मृति पट्टिका का अनावरण
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं बल्कि भारत की आत्मा और एकता का प्रतीक है। यह बात विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने शुक्रवार को वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में कही। इस अवसर पर विधानसभा में गीत की स्मृति पट्टिका का अनावरण किया गया।
इस मौके पर साहित्य कला परिषद के कलाकारों ने देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को देशप्रेम से लबरेज कर कर दिया। विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि वंदे मातरम् किसी धर्म, राजनीति या क्षेत्र का नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की भावना का प्रतीक है। साल भर वंदे मातरम् के 150 वर्ष के उत्सव के तहत कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि देशभक्ति और एकता की भावना को मजबूत किया जा सके। वहीं, विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि यह वर्षगांठ हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। यह गीत हमें स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और उनके आदर्शों की याद दिलाता है।