दिन में बेचते थे सब्जी, शाम को लूटते थे मोबाइल, तीन गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने राहगीरों से मोबाइल लूटने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले कुछ दिनों से सूरजपुर क्षेत्र में एक के बाद एक वारदात को अंजाम दे रहे थे। इससे पहले वह अन्य क्षेत्रों में भी मोबाइल लूट कर चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी दिन में सब्जी बेचते थे और शाम को मोबाइल लूटते थे। एसपी देहात रणविजय सिंह ने बताया कि सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में एकांत स्थान पर राहगीरों से लूटपाट हो रही थी। प्रभारी जितेंद्र दीखित वारदात के खुलासे के प्रयास में जुटे थे। शुक्रवार सुबह मुखबिर से सूचना पर पुलिस ने सूरजपुर के दुर्गा गोलचक्कर के पास से तीन संदिग्ध युवकों से पूछताछ की। पता चला कि पकड़े गए युवक क्षेत्र में मोबाइल लूटपाट की वारदात करते थे। आरोपियों की पहचान बिलासपुर निवासी साहिल, सिकंदराबाद आजाद नगर के इज लाल और गांव अजराला मेरठ के शहनबाज के रूप में हुई है। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी सूरजपुर और अन्य क्षेत्र में लगभग मोबाइल लूट की 30 घटनाएं कर चुके हैं।