सिर पर क्रेट लगते ही अचेत हुआ इंचार्ज, अस्पताल में मृत घोषित
जापानी पार्क में डीजे वाले चार लड़कों ने दिया वारदात को अंजाम
दो आरोपियों को हिरासत में लिया, सीसीटीवी में घटना हुई कैद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। छोटी-छोटी बातों पर लोग किस कदर आपा खो देते हैं, इसका उदाहरण रोहिणी स्थित जापानी पार्क में देखने को मिला। यहां एक शादी के आयोजन के दौरान प्लेट देने को लेकर हुए विवाद में डीजे का काम करने वाले लड़कों ने कैटरिंग इंचार्ज की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपियों ने लात-घूंसों से वार करने के अलावा पीड़ित पर प्लास्टिक की क्रेट से हमला किया। पीड़ित संदीप ठाकुर (48) को अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। देर रात आरोपियों ने खाना खाने के लिए प्लेट मांगी थी। इसी बात पर विवाद हुआ। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज दो लोगों को हिरासत में लिया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस सीसीटीवी में कैद वारदात के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, संदीप परिवार के साथ गली नंबर-16, अगर एंक्लेव, प्रेम नगर पार्ट-3, किराड़ी में रहता था। परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटियां और दो बेटे हैं। संदीप एरिया के सांवरिया टेंट हाउस में कैटरिंग इंचार्ज था। बुधवार रात को जापानी पार्क में शादी में संदीप काम संभाल रहा था। देर रात करीब 12:45 बजे डीजे बजा रहे कुछ युवक खाने के लिए प्लेट लेने के लिए पहुंचे। उस समय मेहमान खाना खा रहे थे। संदीप ने प्लेट देने से इंकार करते हुए कहा कि जब तक मेहमान खाना नहीं खा लेते, वह प्लेट नहीं देगा। इसी बात पर चार युवक उससे झगड़ा करने लगे। विरोध बढ़ा तो आरोपियों ने संदीप की पिटाई कर सिर पर प्लास्टिक की क्रेट से वार कर दिया। संदीप के अचेत होते ही सभी वहां से भाग गए। बाकी कर्मचारी संदीप को अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने जांच के दो युवकों को हिरासत में ले लिया, बाकी आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।