संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर के मधु पेट्रोल पंप के पास स्थित जिम के बाहर शुक्रवार की शाम लोगों ने हंगामा किया। आरोप लगाया कि जिम की सदस्यता के रुपये लेकर जिम बंद कर दी गई। जिम के मालिक ने 25-30 दिन में जिम की सदस्यता के लिए रुपये लौटाने का वादा किया था, पर लौटाए नहीं।
हंगामे की सूचना पर डायल-112 की टीम पहुंची। पुलिस के समझाने पर लोग पुलिस को शिकायत देकर अपने घर लौट गए। जिम के बाहर जुटे लोगों में पवनदीप सिंह भाटिया ने बताया कि मधु पेट्रोल पंप के पास आरमोर नाम से जिम में 18 हजार रुपये की सदस्यता ली थी।
उनकी तरह करीब 250 लोग जिम में आते थे, जिनकी सदस्यता के लाखों रुपये बनते हैं। सभी के मोबाइल पर दो नवंबर को जिन ऑनर की तरफ से संदेश आया कि किसी विवाद के चलते जिम को बंद करना पड़ रहा है, इसलिए उनकी सदस्यता के रुपये 25 से 30 दिन में वापस कर दिए जाएंगे। इसके बाद जब सभी लोग जिम पहुंचे तो उस पर ताला लगा था। दरवाजे पर भी वही संदेश लिखा था, जो मोबाइल पर भेजा गया। मयंक ने बताया कि उन्होंने जब जिम के मालिक से फोन कर संपर्क करने का प्रयास किया तो मोबाइल स्विच ऑफ था।
दो दिन बाद संपर्क होने पर उसने कुछ दिनाें में रकम वापस लौटाने का वादा किया। इसके बाद इंतजार किया, पर रकम नहीं लौटाई गई। उन्होंने जिम के मालिक से संपर्क करने का प्रयास किया, पर उसने न तो फोन उठाया और न संदेश का जवाब दिया।
दो सप्ताह से लगातार उससे संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, पर नहीं हो पा रहा। रामपुरा चौकी प्रभारी सुनील ने कहा कि उनके पास युवक शिकायत लेकर आए हैं। मामले की जांच कर रहे हैं। शनिवार को युवकों व जिम के मालिक को चौकी में बुलाया गया है।