ग्रामीणों से जानकारी लेते प्राचार्य रेखा शर्मा व पुलिस टीम के सदस्य
- फोटो : Mewat
नूंह। इंडरी खंड के गांव उलेटा स्थित मिडिल स्कूल में लंबे समय से अध्यापकों द्वारा बरती जा रही लापरवाही से परेशान होकर ग्रामीणों ने बुधवार को स्कूल में हंगामा किया। इस दौरान अध्यापकों के तबादले की मांग की। खंड शिक्षा अधिकारी सुभाष डूडेजा की अनुपस्थिति में मानुवास स्कूल की प्राचार्य रेखा शर्मा ने बातचीत कर ग्रामीणों को शांत कराया।
शंभुदयाल शर्मा, जयवीर सिंह राजपूत, रामस्वरूप पंडित, कप्तान सिंह, कर्ण सिंह, किरोड़ीम आदि ग्रामीणों ने बताया कि गांव के मिडिल स्कूल में अध्यापक कभी भी समय पर नहीं आते हैं। स्कूल में आकर आराम फरमाते हैं और बच्चें खेलते रहते हैं। इस संबंध में कई बार अध्यापकों से भी कहा, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि अध्यापक सुरेंद्र ने मंगलवार को बच्चों को गेहूं का गला हुआ राशन बांटा। इससे और ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया। इसके बाद ग्रामीण बुधवार को सरपंच के साथ स्कूल पहुंचे और हंगामा कर रोष प्रकट किया। ग्रामीणों ने अध्यापक महेंद्र सिंह मिडिल हेड, जोगेंद्र सिंह, हयात खान, सुरेंद्र अध्यापक मानुवास के तबादले की मांग भी की। रोजका मेव थाने के सब इंस्पेक्टर सोहन लाल और मानुवास हाईस्कूल की प्राचार्य रेखा शर्मा ने बातचीत कर ग्रामीणों को शांत कराया। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी सुभाष डूंडेजा ने कहा कि स्कूलों में अध्यापकों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल्द स्कूल का दौरा किया जाएगा। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।