उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग में चार नई टीमें शामिल, अब 12 के बीच होगा मुकाबला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग (यूपीकेएल) सीज़न दो के मुकाबले 25 दिसंबर से नोएडा स्टेडियम में खेले जाएंगे। मुकाबलों से पहले सोमवार को ग्रेनो वेस्ट के एक निजी होटल में 12 टीमों के मालिकों ने खिलाड़ियों को खरीदने के लिए बोली लगाई। लीग के संस्थापक संभव जैन ने बताया कि पहले सीजन की सफलता के बाद इस साल लीग का विस्तार किया गया है। इसमें चार नई टीमें शामिल हुई हैं। सीजन दो में कुल 12 टीमें मैदान पर होंगी। नीलामी के दौरान बागपत के विनय के लिए अलीगढ़ टाइगर्स ने सबसे अधिक 5.90 लाख रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम शामिल किया।
लीग में इस साल 575 खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा करते नजर आएंगे। सीजन का शुभारंभ मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी करेंगे। उन्होंने बताया कि नीलामी में खिलाड़ियों को उनके अनुभव और प्रदर्शन के आधार पर चार श्रेणियों में बांटा गया। खिलाड़ियों की नीलामी फ्रैंचाइज़ी मालिकों, टीम अधिकारियों और लीग प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खुली बोली और लाइव प्रारूप में आयोजित की गई। बोली देर रात तक चलती रही। अवनीश अवस्थी ने बताया कि इस बार विदेशों में भी इसका लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ ही पिछले सीजन में भीड़ को संभालने में काफी परेशानी हुई थी। इस बार टिकट पर विचार किया जा रहा है। जैसे ही फाइनल होगा तो बता दिया जाएगा। वहीं, नीलामी के दौरान यूपीकेएल के ब्रांड एंबेसडर राहुल चौधरी, अवध रामदूत फ्रैंचाइज़ी के मालिक अवध ओझा, उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के सेक्रेटरी राजेश सिंह, यूपी कबड्डी महासंघ के विनय कुमार सिंह, यूपीकेएल के टेक्निकल डायरेक्टर तेज नारायण, कुणाल शर्मा,राहुल शर्मा आदि उपस्थित रहे।
इस बार यह 12 टीमों में होगी खिताब के लिए जंग
लखनऊ लायंस, यमुना योद्धा, नोएडा निंजा, गजब गाजियाबाद, काशी किंग्स, अवध रामदूत, ब्रिज स्टार्स, संगम चैलेंजर्स, गंगा किंग्स (मिर्जापुर), अलीगढ़ टाइगर्स, कानपुर वॉरियर्स और पूर्वांचल पैंथर्स शामिल हैं।
बागपत के विनय को अलीगढ़ टाइगर्स ने सबसे अधिक 5.90 लाख की बोली लगाकर टीम में किया शामिल
रोमांचक नीलामी प्रक्रिया में बागपत के विनय को अलीगढ़ टाइगर्स ने सबसे महंगी 5.90 लाख रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल कर लिया है। वहीं, नितिन पंवार को 4.45 लाख रुपये में गंगा किंग्स ऑफ मिर्जापुर ने अपनी टीम में शामिल किया। नोएडा निंजास ने अशु सिंह को 4.35 लाख रुपये में खरीदा। इसके अलावा शुभम कुमार को कानपुर वॉरियर्स ने 3.20 लाख रुपये में अपने पहले खिलाड़ी के रूप में खरीदा। कुल 12 टीमों ने उपलब्ध शीर्ष खिलाड़ियों को अपनी रणनीति के तहत चुनकर सीजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।