डेबिट और क्रेडिट कार्ड पर भारी पड़ रहा यूपीआई वाला लेनदेन
- एक दिन में 60 लाख ट्रांजेक्शन में यूपीआई से हो हरे 40 लाख
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिले में यूपीआई से लेनदेन इतना अधिक बढ़ गया है कि इसने क्रेडिट और डेबिट कार्ड से होने वाले सभी ट्रांजेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। बीते एक माह में हुए 60 लाख ट्रांजेक्शन में से 40 लाख ट्रांजेक्शन अकेले यूपीआई से किए गए हैं। वहीं बाकी 20 लाख ट्रांजेक्शन क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड से हुए हैं।
दो हजार के नोट चलन से बाहर होने की खबर के बाद ऑनलाइन लेनदेन में थोड़ी गिरावट भले ही हुई थी, लेकिन एक बार फिर यह बढ़ गया है। बीते शनिवार की ही बात की जाए तो जिले में 148 करोड़ का ऑनलाइन लेनदेन हुआ, जो कि एक माह में सबसे अधिक है। लीड बैंक द्वारा बीते माह के ऑनलाइन लेनदेन के आंकड़े जारी किए हैं। इसमें यूपीआई सबसे आगे है। वहीं जिले में एक दिन में 57 से 60 लाख ट्रांजेक्शन किए जा रहे हैं। इसमें सभी प्रकार के कुल लेनदेन का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा ऑनलाइन ही हो रहा है। वहीं 35 बैंकों की 570 शाखाओं में आमतौर पर रोजाना 142 करोड़ रुपये का डिजीटल ट्रांजेक्शन हो रहा है। बीते तीन वर्षों में यह 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ गया है।
जिले के करीब 10 लाख लोग रोजाना ऑनलाइन लेनदेन कर रहे हैं। इसमें 65 प्रतिशत युवा हैं। लीड बैंक मैनेजर विदुर भल्ला बताते हैं कि धीरे-धीरे सभी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन पर ही निर्भर होते जा रहे हैं। आने वाले कुछ वर्षों में यह 80 प्रतिशत तक हो जाएगा। आज छोटी से बड़ी दुकानों पर क्यूआर कोड चस्पा हैं। लोग एक रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक के ट्रांजेक्शन यूपीआई द्वारा ही कर रहे हैं। साथ ही यात्रा टिकट भी ऑनलाइन बुक की जा रही हैं। इससे खुल्ले रुपयों का झंझट भी खत्म हो गया है। सीनियर सिटीजन भी युवाओं से इसे सीख रहे हैं।
820 एटीएम पर हो रहे एक लाख ट्रांजेक्शन
जिले के 820 एटीएम पर एक लाख ट्रांजेक्शन रोजाना हो रहे हैं। यह आंकड़ा इस माह ही बढ़ा है। इससे पहले यह संख्या 50 से 60 हजार तक थी। दो हजार के नोट चलन से बाहर होने की खबर के बाद से लोग एटीएम के सहारे ज्यादा पैसे निकाल और जमा कर रहे हैं।