नोट - दूसरे मैच का अपडेट रात्रि करीब 11 बजे मिलेगा।
फोटो
- मैच में मिगुएल कमिंस की घातक गेंदबाजी, यूपीबीएस ने 115 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल किया
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रही बिग क्रिकेट लीग (बीसीएल) में शनिवार को खेले गए पहले मुकाबले में यूपी ब्रिज स्टार्स (यूपीबीएस) ने गुजरात डायमंड (जीडी) को सात विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ यूपीबीएस की सेमीफाइनल में पहुंचने की राह और मजबूत हो गई है।
मैच में यूपीबीएस की ओर से गेंदबाज मिगुएल कमिंस ने चार विकेट चटकाए। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। इसके अलावा जीवन मेंडिस और विशाल गुर्जर ने दो-दो विकेट झटके, जबकि एक सफलता जतिन मावी को मिली। इम्पैक्ट प्लेयर सौरिन ठाकुर ने भी किफायती गेंदबाजी कर विपक्षी टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा।
गुजरात डायमंड की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने बिना रन बनाए ही अनुज चौधरी का विकेट गंवा दिया। इसके बाद भी लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे और 32 रन तक पहुंचते-पहुंचते दो बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। असेला गुणरत्ने ने 25 रन और उपल थरंगा ने 22 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन यूपीबीएस की सधी हुई गेंदबाजी के सामने पूरी टीम संघर्ष करती नजर आई। गुजरात की पूरी टीम 19.4 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। यूपीबीएस के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही रन गति पर नियंत्रण बनाए रखा और नियमित अंतराल पर विकेट लेते रहे। 115 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपीबीएस की शुरुआत भी खराब रही। टीम ने शून्य के स्कोर पर केनर लुईस का विकेट गंवा दिया। इसके बाद जर्मेन ब्लैकवुड ने 36 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वे भी बड़ा स्कोर नहीं बना सके। चौथे विकेट के रूप में गोपाल चतुर्वेदी शून्य पर आउट हुए। इसके बावजूद यूपीबीएस के कप्तान चिराग जे. गांधी ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए टीम को जीत की ओर अग्रसर किया। उन्होंने नाबाद 37 रन बनाए और रन गति को लगातार बनाए रखा। शुभम सिंह ने भी नाबाद 36 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी ने टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।