रेरा के एक आदेश से तय होगा शाहबेरी के खरीदारों का भविष्य
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश संपत्ति विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने शाहबेरी के मामलों पर सुनवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को पीठ दो ने एक खरीदार की शिकायत पर सुनवाई पूरी कर फैसला सुरक्षित रख लिया है। प्राधिकरण ने भी अपना पक्ष रखा है। अगले सप्ताह पीठ आदेश जारी करेगी। यही आदेश खरीदारों का भविष्य तय करेगा। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसे उम्मीद है कि रेरा की मदद से उसका पैसा वापस मिल जाएगा।
प्राधिकरण के पत्र पर यूपी रेरा ने शाहबेरी के मामलों पर सुनने का फैसला लिया था। जिस पर रेरा की पीठ-2 ने शुक्रवार को एनआईआर अंगद प्रीत सिंह की शिकायत पर सुनवाई की। अंगद प्रीत ने शाहबेरी में जसबीर मान बिल्डर के प्रोजेक्ट में फ्लैट खरीदा था। उसने रेरा से पैसा वापस दिलाने की मांग की है। सुनवाई के दौरान खरीदार के अधिवक्ता ने अपना पक्ष रखा। वहीं, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण भी अपना पक्ष रखा। खरीदारों के अधिवक्ता ने बताया कि प्राधिकरण ने प्रोजेक्ट को अवैध बताते हुए खरीदार को पैसा वापस दिलाने का पक्ष रखा है। उधर, सुनवाई में बिल्डर की तरफ से कोई भी नहीं पहुंचा। बिल्डर जेल में है और अधिवक्ता भी नहीं पहुंचा। खरीदार और प्राधिकरण का पक्ष सुनने के बाद रेरा की पीठ दो ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। शाहबेरी की तीन शिकायतों पर 23 अक्तूबर को सुनवाई होगी।
हाल ही में गिरफ्तार हुआ था बिल्डर
बिसरख कोतवाली पुलिस ने गत सोमवार को बिल्डर जसवीर मान को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उसी दिन एक खरीदार ने बिल्डर पर धमकी देने का आरोप लगाकर पुलिस को शिकायत दी थी। जबकि, इससे पहले प्राधिकरण की तरफ से बिल्डर पर मुकदमा दर्ज कराया गया था।
रेरा से हमने बिल्डर से पैसा वापस दिलाने की अपील की है। प्राधिकरण ने भी खरीदारों के पक्ष में अपनी बात रखी है। उम्मीद है कि रेरा का आदेश हमारे पक्ष में आएगा। यह आदेश अन्य खरीदारों के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
- हरप्रीत अरोड़ा, शिकायतकर्ता के अधिवक्ता
शाहबेरी के एक मामले में सुनवाई पूरी कर ली है। फैसला सुरक्षित रखा गया है। सभी तथ्यों का आंकलन कर जल्द ही आदेश जारी किया जाएगा।
- बलविंदर कुमार, सदस्य यूपी रेरा