उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव के लिए पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों को संभावित प्रत्याशियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल कर उनकी पूरी जानकारी इकट्ठा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों के शस्त्र लाइसेंस निलंबित करने को भी कहा गया है।
इस संबंध में नोएडा सेक्टर 108 स्थित पुलिस मुख्यालय में पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने नोएडा के सभी डीसीपी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर द्वारा सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों को आगामी पंचायत चुनावों के दृष्टिगत जानकारी दी गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर ने सभी आपराधिक माफियाओं/खनन माफियाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए संपत्ति जब्तीकरण का आदेश दिया। इसके साथ ही जिले के टॉप 10 अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिला संबंधी अपराधों के विरुद्ध पुलिस को कड़ा रुख अपनाना है। वहीं चेन छिनैती, छेड़छाड़ आदि जैसी घटनाओं को रोकने के लिए भी निर्देश दिए गए। उन्होंने आगामी ग्राम पंचायत चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से अवैध शराब की बिक्री को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि मानव प्रबंधन का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि चुनावों के दौरान किसी प्रकार की कोई समस्या न हो। उन्होंने कहा कि दंगा विरोधी उपकरणों की प्रत्येक थाने पर पर्याप्त मात्रा सुनिश्चित की जाए ताकि कोई अप्रिय घटना घटित होने पर उससे तुरंत निपटा जा सके।