ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब रबूपुरा-भाईपुर मार्ग पर स्थित नहर में एक अज्ञात महिला का नग्न शव बरामद हुआ। महिला की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई गई है। राहगीरों ने नहर में बहते शव को देखकर तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बांस-बल्ली की मदद से रुस्तमपुर पुलिया के पास से बाहर निकाला।
प्रथम दृष्टया शव पर चोट के निशान पाए गए है। जिससे हत्या की आशंका जताई गई है। महिला के कमर से ऊपर शरीर पर कपड़े नहीं थे। जिससे मामला और गंभीर प्रतीत हो रहा है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भय का माहौल बना है। आशंका है कि महिला की हत्या कहीं और कर शव को पहचान छिपाने के उद्देश्य से नहर में फेंका गया हो।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदा महिलाओं की रिपोर्ट खंगाल रही है और पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। कोतवाली पुलिस का कहना है कि जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है।