शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत सत्र 2026-27 के लिए निजी स्कूलों की 25 फीसदी सीट पर दाखिला दो महीने की देरी के साथ दो फरवरी से शुरू होंगे। पोर्टल अपडेट नहीं होने के कारण प्रकिया दो महीने लेट हो गई। इसके साथ ही कई नए नियमों को पोर्टल पर जोड़ा नहीं जा सका। पिछले दो वर्षों से प्रकिया एक दिसंबर से शुरू हो जाती थी, जिसमें चार चरण होते थे। इस सत्र में प्रकिया के देर होने के कारण एक चरण को कम कर दिया गया है। अब आरटीई के तहत तीन चरण में दाखिले मिलेंगे। एक चरण कम हो जाने से अभिभावकों में निराशा है। उनका कहना है कि विभाग की लापरवाही ने बच्चों से एक चरण छीन लिया।
| चरण | आवेदन करने की तिथियां | बीएसए द्वारा आवेदन पत्रों का सत्यापन व लॉक करने की अंतिम तिथि | लाटरी निकालने की तिथि | बीएसए द्वारा विद्यालयों को आवंटन के सापेक्ष नामांकन किये जाने हेतु आदेश निर्गत किये जाने की अंतिम तिथि |
| प्रथम | 02 फरवरी-16 फरवरी तक | 02 फरवरी-16 फरवरी तक | 18 फरवरी | 20 फरवरी |
| द्वितीय | 21 फरवरी-07 मार्च तक | 21 फरवरी-07 मार्च तक | 09 मार्च | 11 मार्च |
| तृतीय | 12 मार्च-25 मार्च तक | 12 मार्च-25 मार्च तक | 27 मार्च | 29 मार्च |
दो फरवरी से आरटीई के तहत आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। विभाग की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है। हेल्प डेस्क का भी गठन कर दिया गया है। किसी को कोई परेशानी हो तो वह बीएसए कार्यालय से संपर्क कर सकता है। -राहुल पंवार, बीएसए