वेबसाइट पर दी जानकारी, डीएम ने कहा, जांच के बाद होगी कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नोएडा के सेक्टर-110 स्थित महामाया तकनीकी विश्वविद्यालय को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने फर्जी घोषित किया है। यूजीसी ने छात्रों से अपील की है कि वह इस संस्थान में प्रवेश लेने से बचे। हालांकि, विभागीय अधिकारियों को विश्वविद्यालय के फर्जी घोषित किए जाने की जानकारी नहीं है। उनका कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
बता दें कि यूजीसी की वेबसाइट के अनुसार देश में फर्जी तरीके से 22 विश्वविद्यालय संचालित हो रहे हैँ, जिनमें चार उत्तर प्रदेश के हैं। इनमें से एक नोएडा के सेक्टर-110 का महामाया तकनीकी विश्वविद्यालय बताया गया है। यूजीसी ने इन 22 फर्जी संस्थानों की लिस्ट जारी की है, जो खुद को वैध विश्वविद्यालय बताकर छात्रों को प्रवेश देते हैं। यह सभी यूजीसी के नियमों से बाहर हैं। यहां से प्राप्त डिग्री अमान्य है। यदि आपका बच्चा भी उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहा हैं या कोई करीबी 12वीं के बाद कॉलेज में जाने वाला है तो यूजीसी की वेबसाइट पर दी गई राज्यवार फर्जी यूनिवर्सिटीज की लिस्ट जरूर चेक कर लें। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने इस मामले में कहा कि वह जांच कराएंगी। यदि यूजीसी की सूची अनुसार फर्जी विश्वविद्यालय संचालित पाया जाता है तो कार्रवाई की जाएगी।
-
अंकुर त्रिपाठी