50 फीसदी मरीजों को 40 की उम्र में ही जकड़ ले रहा टाइप-2 डायबिटीज
लाइफस्टाइल और अनुवांशिकी के चलते दुनियाभर में 10 वर्ष पहले ही हम हो रहे डायबिटीज से पीड़ित
संदीप वर्मा
ग्रेटर नोएडा। अनुवांशिकी और खराब लाइफ स्टाइल बड़ी तेजी से आपको डायबिटीज के नजदीक ले जा रही है। 50 प्रतिशत मरीज 40 की उम्र पार करते ही बीमारी का शिकार हो रहे हैं। खास बात यह है कि दुनियाभर के देशों की अपेक्षा लगभग 10 वर्ष पहले ही हम डायबिटीज के शिकंजे में आ रहे हैं। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में छह माह में आए 218 मरीजों में 108 मरीज 40 से 45 वर्ष की उम्र में ही पंजीकृत हुए हैं। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान, शारदा अस्पताल और यथार्थ अस्पताल के मधुमेह रोग विशेषज्ञों ने बताया कि कोविड बीमारी के बाद से पिछले दो वर्षों में भौगोलिक परिस्थितियों, अनुवांशिकी, लाइफ स्टाइल, जंक फूड, मोटापा, नींद न पूरी होना, अल्कोहल का प्रयोग जैसी समस्याओं के कारण मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। पिछले वर्ष देश में 5.8 से 6 करोड़ डायबिटीज के रोगी थे। इस वर्ष चीन को जनसंख्या के अलावा डायबिटीज में पछाड़ते हुए पूरे विश्व में सबसे अधिक 7.4 करोड़ डायबिटीज के रोगी मिले हैं।
डायबिटीज से पहले दिख रहीं माइक्रो बीमारियां
डायबिटीज का असर 5 वर्ष से 15 वर्ष के बाद दिखाई देने लगता है। इसका असर सबसे पहले छोटी बीमारियाें जैसे आंखों की कमजोरी (रेटिनोपैथी), नसों का कमजोर होना या सूख जाना (न्यूरोपैथी), किडनी में इंफेक्शन (नेफ्रोपैथी) में दिखाई देता है। बाद में बड़ी बीमारियों के रूप में इसका पता चलता है। इसमें हार्ट अटैक पड़ना, ब्रेन स्ट्रोक पड़ना, पैरों में अल्सर होना आदि बीमारियां दिखाई पड़ती हैं। जिस माता-पिता को 40 की उम्र्र में डायबिटीज का पता चलता है, उनमें पांच या 10 वर्ष पूर्व से ही यह बीमारी धीरे-धीरे घर बना रही होती है।
दुनियाभर में जहां सबसे अधिक मरीज 50 की उम्र में मिलते हैं। यहां 35 से 45 वर्ष की उम्र में यह बीमारी 50 फीसदी तक लाेगों को हो रही है। इसके जहां बहुत से नुकसान हैं तो कुछ फायदे भी हैं। इस उम्र के मरीज यदि अच्छी लाइफ स्टाइल और एक्सरसाइज को अपना लेते हैं तो उन्हें डायबिटीज से मुक्ति मिल जाती है। हालांकि, 50 की उम्र के बाद यह करना बेहद मुश्किल हो जाता है। -डॉ. जीसी वैष्णव, वरिष्ठ फिजीशियन एवं एंडोक्रोनोलॉजिस्ट, यथार्थ अस्पताल
मधुमेह के रोगियों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले छह माह में आए मरीजों में से 50 प्रतिशत 40 वर्ष तक के मरीज हैं। -डॉ. सौरभ श्रीवास्तव, वरिष्ठ फिजीशियन एवं एंडोक्रोनोलॉजिस्ट, जिम्स
अनुवांशिकी और खराब लाइफ स्टाइल के कारण डायबिटीज 35 से 40 वर्ष की उम्र तक हो रही है। इसमें जंक फूड, नींद न पूरी होना और तनाव सबसे बड़ा कारण है। इससे मोटापा बढ़ता है और डायबिटीज मरीजों की संख्या बढ़ा रही है। मोटापा बढ़ने से इंसुलिन निष्क्रिय हो जाता है। ऐसे में शरीर के सभी अंगों को डायबिटीज खराब करती है। डॉ. भूमेश त्यागी, एसोसिएट प्रोफेसर, शारदा अस्पताल
जिम्स की स्पेशल डायबिटिक ओपीडी में कितने आए मरीज
माह ओपीडी में आए मरीज पंजीकरण (कुल) पंजीकरण (40 वर्ष तक)
अक्तूबर 478 994 14
नवंबर 695 1045 35
दिसंबर 766 1089 51
जनवरी 770 1134 67
फरवरी 760 1172 81
मार्च 898 1210 94
- -
1210 108