यमुना में नहाने के दौरान दो युवक डूबे, एक का शव मिला
- याकूतपुर व मंगरौली गांव केे पास यमुना में हुई घटना, दूसरे युवक की तलाश जारी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। याकूतपुर गांव के पास यमुना नदी में नहाने के दौरान अलग-अलग जगहों पर दो युवक डूब गए। सोमवार को याकूतपुर गांव व मंगलवार को मंगरौली गांव के पास यमुना नदी में दोनों घटनाएं हुई। इस घटना के बाद एक युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया है और दूसरे युवक की तलाश की जा रही है। बुधवार रात तक नदी में पुलिस व एनडीआरएफ का सर्च अभियान जारी है।
मूल रूप से बदायूं के थाना वजीरगंज के बघौल गांव निवासी पंकज फरीदाबाद के भोपानी मोड़ में रहते थे और मजदूरी का काम करते थे। वह सोमवार शाम को अपने दोस्तों के साथ याकूतपुर के पास यमुना नदी में मछली पकड़ने गए थे। मछली पकड़ने के बाद यमुना नदी में नहाने चले गए। वहां पानी की अधिक गहराई में जाने के कारण बाहर नहीं आ सके। इसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस की टीम पहुंची और गोताखोरों को बुलाकर सर्च अभियान चलाया लेकिन पता नहीं चल सका। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम मंगलवार व बुधवार को सर्च अभियान चलाया।
वहीं मंगलवार को मूल रूप से अमरोहा के बछरायूं निवासी तुषार मंगरौली के पास डूब क्षेत्र में नहर में नहाने गए थे। नहाते समय तुषार नहर के दूसरे किनारे पर चले गए और वहां से वापस आने के दौरान पानी की गहराई में चले गए। तुषार के दोस्तों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया और दोस्त नदी में कूद गए लेकिन तुषार की पानी में डूबने से मौत हो गई। नोएडा के एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि यमुना में डूबने से दो लोगों की मौत मामले में एक शव को बरामद कर लिया गया है। वहीं डूबने वाले दूसरे युवक की तलाश की जा रही है।